Class 5 hindi Paath 3 Chhabbis January ki pared /कक्षा 5 हिन्दी पाठ 3 छब्बीस जनवरी की परेड पश्चिम बंगाल बोर्ड

कक्षा 5 हिन्दी पाठबहार (NOTES) पश्चिम बंगाल बोर्ड

पाठ 3
छब्बीस जनवरी की परेड

नई दिल्ली
२७ जनवरी

प्रिय अमर,

तुम्हें मेरा पहला पत्र मिला होगा। कल छब्बीस जनवरी थी। हम छब्बीस जनवरी की परेड देखने गए थे। अगर तुम भी हमारे साथ होते तो कितना अच्छा होता।

  इस परेड को देखने के लिए दूर-दूर से लोग आए हुए थे। हमारे पास परेड देखने का पास था। हम समय से कुछ पहले ही पहुँच कर कुर्सियों पर बैठ गए। सूरज निकलने तक यहाँ काफी भीड़ हो गई थी। चारों ओर ऐसा दिखाई देता था, जैसे लोगों का समुद्र हो। बहुत से विदेशी भी इस परेड को देखने आए हुए थे। परेड के रास्ते के दोनों ओर बड़ी भीड़ थी। पुलिस के जवान घूम-घूम कर लोगों को ठीक तरह से बिठाने का प्रबन्ध कर रहे थे।

 सब लोगों की आँखें राजपथ की ओर लगी थीं। उसी समय राष्ट्रपति की सवारी आती दिखाई दी।

  राष्ट्रपति सवारी से उतरे। प्रधानमंत्री, सेनाध्यक्ष और दूसरे बड़े-बड़े लोगों ने खड़े होकर राष्ट्रपति का स्वागत किया। राष्ट्रपति ने सबका अभिवादन स्वीकार किया। फिर सब अपनी-अपनी जगह बैठ गए।

  सबसे पहले राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय झंडा फहराया। इसके कुछ देर बाद परेड आती दिखाई दी। सबसे आगे एक जीप-गाड़ी थी। इसमें परेड कमाण्डर हाथ में खुली तलवार लिए खड़े थे। जीप धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थी। उसके पीछे सेना के जवान पंक्तियों में कदम से कदम मिलाकर चल रहे थे।

  परेड में सभी तरह की सैनिक टुकड़ियाँ थीं। प्रत्येक टुकड़ी की अलग-अलग वर्दी थी। सभी के अपने-अपने बैण्ड थे जिनकी धुनें बड़ी अच्छी लग रही थीं। थल सेना के सैनिकों के पीछे सफेद वर्दी पहने नौ-सेना के जवान थे। उनके पीछे-पीछे वायु सेना के जवान चल रहे थे। कितना सुंदर था वह दृश्य !

  अब घुड़सवार आ रहे थे। घोड़ों पर बैठे हुए थे सैनिक बहुत अच्छे लग रहे थे। उनके पीछे-पीछे रेगिस्तान में लड़ने वाले जवान थे। वे ऊँटों पर बैठे थे। यह देखकर बड़ा आश्चर्य होता था कि घोड़े और ऊँट भी कदम से कदम मिलाकर पंक्तियों में चल रहे थे।

 घोड़ों और ऊँटों के बाद बड़ी-बड़ी फौजी गाड़ियों में से किसी पर तोपें और किसी पर मशीनगनें रखी हुई थीं। उनके पीछे धड़-धड़ करते टैंक चल रहे थे। जब फौजी गाड़ियाँ सड़क के दोनों ओर बैठे लोगों के सामने से निकलीं, तब वे इन्हें आश्चर्य से देखते रह जाते।

 फौजी गाड़ियों के पीछे चल रहे थे दिल्ली के विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थी। कदम से कदम मिलाकर चलते हुए विद्यार्थी बोल रहे थे- जय हिन्द! जैसे-जैसे परेड राष्ट्रपति के सामने से निकलती सब उन्हें सलामी देते और आगे बढ़ जाते।

 तभी सजे हुए हाथी आते दिखाई दिए। उन पर बैठे थे वे बहादुर बच्चे जिन्हें इस वर्ष बहादुरी के कामों के लिए 'वीरता पुरस्कार' प्रदान किया गया था।

  इतने में देश-भर के राज्यों की झाँकियाँ निकलनी शुरू हुई। ये झाँकियाँ मोटरों पर सजी हुई थीं। उनमें अपने-अपने राज्य की खास-खास बातें दिखाई गई थीं। किसी पर खेती का दृश्य था तो किसी पर कारखाने का। एक झाँकी तो पूरी की पूरी फूलों से ही बनी थी। वे झाँकियाँ भी बहुत सुंदर थीं। झाँकियों के पीछे-पीछे विभिन्न राज्यों के लोकनर्तक अपने-अपने राज्य का लोकनृत्य करते हुए राष्ट्रपति के आगे से निकले। रंग-बिरंगी पोशाकों को पहने वे नर्तक बहुत ही अच्छे लग रहे थे।

  अंत में आकाश में हवाई जहाजों ने राष्ट्रपति को सलामी दी। उड़ते हुए हवाई जहाज राष्ट्रीय झंडे के तीनों रंगों जैसा धुआँ छोड़ रहे थे। देखकर लगता था मानो आकाश में बहुत से तिरंगे उड़ रहे हों। कैसा सुन्दर दृश्य था वह !

अमर ! अगले साल तुम दिल्ली अवश्य आना। हम दोनों मिलकर परेड देखेंगे। माताजी और पिताजी को प्रणाम कहना।

तुम्हारा मित्र
राजेन्द्र

👉कक्षा 5 GK. प्रश्नोत्तरी 

शब्दार्थ

दृश्य = नजारा; पुरस्कार इनाम; नर्तक नाचनेवाला; नृत्य नाच; लोकनृत्य = स्थानीय नृत्य; पोशाक वस्त्र; विभिन्न अलग-अलग; स्वागत = सम्मान देना, आदर देना; पंक्तियाँ कतार।

 अभ्यासमाला 

1. संक्षेप में उत्तर दो।

1.1 किसने किसे पत्र लिखा ?

उत्तर  : राजेन्द्र ने अमर को पत्र लिखा।

1.2 चारों ओर किसका समुद्र दिखाई पड़ता था?

उत्तर : चारों ओर लोगों का समुद्र दिखाई पड़ता था।

1.3 26 जनवरी की परेड कहाँ हो रही थी?

उत्तर : 26 जनवरी की परेड दिल्ली में हो रही थी।

1.4 सबसे पहले किसने झंडा फहराया ?

उत्तर : सबसे पहले राष्ट्रपति ने झंडा फहराया।

1.5 बैंड कौन बजा रहे थे?

उत्तर : सैनिकों की टुकड़ी बैंड बजा रही थी।

1.6 फौजी गाड़ियों में क्या रखे गए थे?

उत्तर : फौजी गाड़ियों में तोपें और मशीन गन रखी गयी थीं।

1.7 हाथी पर बैठे बच्चों को कौन सा पुरस्कार प्रदान किया गया?

उत्तर : हाथी पर बैठे बच्चों को वीरता पुरस्कार प्रदान किया गया।

1.8 हवाई जहाज कितने रंगों का धुआँ छोड़ रहे थे?

उत्तर : हवाई जहाज तीन रंगों का धुआं छोड़ रहे थे।

1.9 राजेन्द्र ने अमर को कहाँ आने का न्योता दिया? और किस लिए?

उत्तर : राजेन्द्र ने अमर को 26 जनवरी की परेड देखने के लिए दिल्ली आने का न्यौता दिया।

2. निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर अपनी भाषा में लिखो।

2.1 राजेन्द्र ने अमर को पत्र क्यों लिखा ?

उत्तर : राजेन्द्र ने अमर को दिल्ली की 26 जनवरी की परेड के बारे में बतलाने के लिए पत्र लिखा। 

2.2 छब्बीस जनवरी की परेड में किसको सलामी दी जाती है?

उत्तर : छब्बीस जनवरी की परेड में राष्ट्रपति को सलामी दी जाती है।

2.3 परेड में कौन-कौन लोग भाग लेते हैं?

उत्तर : परेड में तीनों सेनाओं के सैनिक और बहादुर बच्चे भाग लेते हैं। इसमें विभिन्न राज्यो की झांकियाँ दिखायी जाती हैं। तीनों सेना के जवान अपने हथियारों एवं सवारियों के साथ होते हैं।

2.4 नौ-सेना के जवानों की वरदी का रंग कैसा था?

उत्तर : परेड में नौसेना के जवानों की वरदी का रंग सफेद था।

2.5 झांकियों में क्या होता है?

उत्तर : परेड में जिस प्रदेश की झांकी होती है उस प्रदेश की संस्कृति, सभ्यता को उनकी पोशाकों में दिखाया जाता है। झांकियों में उस प्रदेश से संबंधित विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम दिखाये जाते हैं।

2.6 परेड में हवाई जहाज क्या करते हैं?

उत्तर : परेड में हवाई जहाज आकाश में उड़ते हुए अपना विभिन्न कार्यक्रम दिखलाते हैं।

2.7. परेड की सलामी कौन लेते हैं?

उत्तर : परेड की सलामी राष्ट्रपति लेते हैं।

2.8 कदम ताल करते हुए विद्यार्थी कौन सा नारा लगा रहे थे?

उत्तर : कदमताल करते हुए विद्यार्थी 'जय हिन्द' का नारा लगा रहे थे।

2.9 किन बच्चों को 'वीरता पुरस्कार' दिया जाता है? और क्यों दिया जाता है?

उत्तर : बहादुर बच्चों को वीरता पुरस्कार दिया जाता है। जो बच्चे कोई बहादुरी, साहस और हिम्मत का काम करते हैं उन्हें यह पुरस्कार दिया जाता है।

2.10 भारतवर्ष के विभिन्न लोकनृत्यों का नाम खोजकर लिखो।

उत्तर : भारत वर्ष के विभिन्न लोक नृत्य-भारतनाट्यम, ओडिसी, बिहू, कुचीपुड़ी।

2.11 हमारे राज्य के एक प्रमुख आदिवासी नृत्य जिसमें मुखौटे लगाए जाते हैं, का नाम क्या है?

उत्तर : छउ नृत्य।

2.12 भारतीय सेना के कितने अंग हैं? और कौन-कौन?

उत्तर : भारतीय सेना के तीन अंग हैं स्थल सेना, जल सेना, वायु सेना।

3. पढ़ो, समझो और उदाहरण अनुसार करो।

राष्ट्रपति = राष्ट्र + पति राजपुत्र = राज + पुत्र राजतिलक = राज + तिलक गृहपति = गृह + पति देवपुत्र = देव + पुत्र राजधानी = राज + धानी भूपति = भू + पति धर्मपुत्र = धर्म + पुत्र राजतंत्र = राज+ तंत्र अधिपति = अधि + पति आर्यपुत्र = आर्य + पुत्र राजकाज = राज + काज

4. निम्नलिखित वाक्यों के सही अर्थ बताओ।

पहले वाक्य को पढ़ो फिर इसके नीचे लिखे अर्थों में से सही अर्थ पर (✓) लगाओ।

4.1 लोगों की आँखें राजपथ की ओर लगी हुई थीं।

[   ] - लोग राजपथ की ओर देख रहे थे।

[   ] - लोग राजपथ की ओर मुँह करके सो रहे थे।

4.2 चारों ओर ऐसा लगता था जैसे कि लोगों का समुद्र हो।

[    ] - चारों ओर पानी भरा हुआ था।

[ ✓ ] - चारों ओर लोग ही लोग थे।

5. पढ़ो। 5.1 पत्र का वह भाग पढ़ो, जिसमें भीड़ का वर्णन है।

उत्तर : चारों ओर ऐसा दिखाई देता था, जैसे लोगों का समुद्र हो। बहुत से विदेशी भी इस परेड को देखने आए हुए थे। परेड के रास्ते के दोनों ओर बड़ी भीड़ थी। पुलिस के जवान घूम-घूम कर लोगों को ठीक तरह से बिठाने का प्रबन्ध कर रहे थे।

5.2 पत्र का वह भाग पढ़ो, जिसमें हवाई जहाजों का वर्णन है।

उत्तर : अंत में आकाश में हवाई जहाजों ने राष्ट्रपति को सलामी दी। उड़ते हुए हवाई जहाज राष्ट्रीय झंडे के तीनों रंग का धुआँ छोड़ रहे थे। देखकर लगता था मानों आकाश में बहुत से तिरंगे उड़ रहे है। कैसा सुन्दर दृश्य था यह। 

6. वर्णों का उच्चारण करो एवं शब्दों को पढ़ो, समझो और तीन-तीन नए शब्द बनाकर लिखो।

स स स स स - सब, सूरज, समुद्र, हँसना, पास,  सत्य समर, संसार।

श श श श श - शत्रु, शोभा, आकाश, विदेशी, मशीन,   शहीद, शहर, शब्द। 

7. निम्नलिखित शब्दों से वाक्य बनाओ।
राष्ट्रपति,  पुरस्कार,  तिरंगा,  सेनाध्यक्ष,  लोकनर्तक,  दूर-दूर
उत्तर :
(i)राष्ट्रपति - हमारे देश के राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविद हैं।
(ⅱ) पुरस्कार - तुम्हें खेल में क्या पुरस्कार मिला?
(ii) तिरंगा - तिरंगा हमें प्राणो से भी अधिक प्यारा है।
(iv) सेनाध्यक्ष - सेनाध्यक्ष आ रहे हैं।
(v) लोकनर्तक - लोकनर्तक लोगों का मन लुभाते हैं।
(vi) दूर-दूर - दूर-दूर से लोग आ रहे थे।

8. इस पाठ में प्रयुक्त 'कि' और 'की' के नीचे रेखा खींचो और उसके अंतर समझो।

उत्तर : वे ऊँटों पर बैठे थे। यह देखकर बड़ा आश्चर्य होता था कि घोड़े और ऊँट भी कदम से कदम मिलाकर पंक्तियों में चल रहे थे। 
एक झोंकी तो पूरी की पूरी फूलों से ही बनी थी।

9. 26 जनवरी के दिन दूरदर्शन पर गणतंत्र दिवस की परेड की झाँकी देखकर उसका वर्णन अपने शब्दों में लिखो।

उत्तर : आज मैंने दूरदर्शन पर 26 जनवरी की परेड देखी। परेड को देखकर ज्ञात हुआ कि हमारा देश कितना ताकतवर है। इस वर्ष की परेड की विशेषता यह थी कि इस परेड के विशिष्ट अतिथि फ्रांस के राष्ट्रपति थे। परेड मे सामने की पंक्ति में विशिष्ट अतिथि बैठे थे। जब राष्ट्रपति आये तो प्रधानमंत्री ने उनको आदर के साथ ले जाकर सुसज्जित मंच पर बैठाया। प्रधानमंत्री मोदी और रक्षा मंत्री बगल में बैठे थे। राष्ट्रपति ने सर्वप्रथम तिरंगा फहराया।

• जब भी सैनिकों की टुकड़ी सामने से गुजरती राष्ट्रपति उनकी सलामी स्वीकार करने के लिए अपने भी हाथ उठा मस्तक तक ले जाकर सलामी स्वीकार करते। सबसे पहले स्थल सेना के सैनिकों की टुकड़ी ने सलामी दी। उसके बाद गाड़ियों पर उसके हथियारों का प्रदर्शन किया गया। इसके बाद नौ सेना ने सलामी दी। दिल्ली के विभिन्न विद्यालयो के बच्चों, एन.सी.सी. के बच्चों आदि ने इसमें भाग लिया। लगातार वायु सेना के विमान आकाश में उड़ते हुए अपना विभिन्न कार्यक्रम दिखला रहे थे।

इस बार की परेड की सबसे बड़ी विशेषता यह थी कि इस बार फ्रांस के सैनिकों ने भी परेड में हिस्सा लिया। प्रशिक्षित कुत्ते भी इस बार अपने सैनिकों के साथ कदम-से-कदम मिलाकर चल रहे थे।

• सुरक्षा के दृष्टिकोण से इस बार परेड का समय कम कर दिया गया था। पर परेड को देखकर, उसकी बजती धुनों को सुनकर, और अपने देश की सुरक्षा के विकास की झांकी देखकर मन गदगद हो उठा।

10. अनुस्वार और चन्द्रबिन्दु लगे शब्द पाठ से खोजकर लिखो तथा उच्चारण द्वारा उनमें अन्तर समझो।

उत्तर : अनुस्वार ( ं )वाले शब्द
चारों दोनों, झंडा, पंक्तियो, धुनें, घोड़ों, टैंक, मशीन गर्ने, निकलती, मोटरों, थीं,
चन्द्रबिन्दु (ॅं ) वाले शब्द
पहुँच, यहाँ आँखें, टुकड़ियाँ, ऊँटो, गाड़िया, झाँकियाँ।

11. निम्न मात्रा वाले शब्द पृष्ठ से खोजकर लिखो और कुछ नए शब्द जोड़ो।

उत्तर : दृश्य, लोकनृत्य आश्चर्य, राष्ट्रपति, राष्ट्रीय, राष्ट्र

मृत्यु, तृतीय नर्तक, तृष्णा, कृष्ण चतुर्थ, स्वर्ग, तर्क, दर्शाया

12. शब्द युग्म धड़-धड़ की तरह तीन नए शब्द युग्म स्वयं बनाओ। 

उत्तर : फूट-फूट, झर-झर, खट्-खट्, तरह-तरह, घर-घर

13. कल 26 जनवरी थी............ वाक्य में आए कल का अर्थ होता है - आज के पहले का दिन/आज के बाद आने वाला दिन। कल शब्द में 'वि' जोड़ देने से विकल शब्द बनेगा तथा उसका अर्थ बदल जाएगा विकल का अर्थ है बेचैन। तुम भी नीचे दिए गए शब्दों में वि लगाकार नए शब्द बनाओ।


उत्तर :

विवश,  विनाश,  विश्वास,   विचित्र,   विलय,   विनम्र,   विभेद,   विमल,   विभाग,   विकल।

👉पाठ 4 - 'हम बलक'

👉पाठ 5 किस्मत का खेल

👉कक्षा 5 हिन्दी पाठबहार (NOTES) पश्चिम बंगाल बोर्ड

👉Daily Use 100000+ English and Hindi Sentences










कोई टिप्पणी नहीं: