कक्षा 5 हिन्दी पाठबहार (NOTES) पश्चिम बंगाल बोर्ड
पाठ 6
ओलम्पिक खेल
बच्चे हों या बड़े, सभी को खेलों में आंनद आता है। खेल और व्यायाम हमें स्वस्थ रखते हैं। खेलों से सामुदायिक सद्भाव व चारित्रिक विकास भी होता है। कुछ खेल अकेले खेले जाते हैं और कुछ समूह में।
तुमने ओलम्पिक खेलों के बारे में सुना होगा। विश्व के प्रायः सभी देशों के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी इसमें भाग लेते हैं और विभिन्न स्पर्धाओं में अपने कौशल और क्षमताओं का प्रदर्शन करते हैं। इन खेलों में सबसे ऊँचा, सबसे तेज और सबसे ताकतवर का चुनाव होता है। संसार भर के लोगों का मानना है कि ओलम्पिक खेल जहाँ स्वस्थ शरीर और मस्तिष्क का विकास करते हैं, वहीं विभिन्न देशों को एक दूसरे की मित्रता के सूत्र में भी बाँधते हैं।
ओलम्पिक खेल सैकड़ों वर्ष पहले प्राचीन ग्रीस के ओलम्पिया में प्रारम्भ हुए थे। सर्वप्रथम २०० मीटर की दौड़ की हो ओलम्पिक प्रतियोगिता होती थी। कुछ समय पश्चात् दूसरी दौड़ जोड़ी गयी और दो वर्ष बाद और दौड़ें जोड़ी गयीं। बाद में भाला फेंक, कुश्ती, मुक्केबाजी तथा रथ-दौड़ भी इसमें सम्मिलित किये गये।
आरम्भ में जीते हुए प्रतियोगियों को पुरस्कार या पदक नहीं मिलते थे। विजेताओं को पवित्र जैतून की पत्तियों की माला का ताज पहनाया जाता था। ऐसा माना जाता है कि यह वृक्ष एक मन्दिर के समीप उगा था और खेलों के संस्थापक हरकुलिस ने इस वृक्ष को लगाया था।
१८९६ में आधुनिक ओलम्पिक खेल एक फ्रांसीसी व्यक्ति बैरन पियरे दि कुवर्तिन ने प्रारम्भ किये। उन्होंने सोचा कि विभिन्न देशों के प्रतियोगियों को खेलों में आमंत्रित करने से आपस में मित्रता बढ़ेगी। ये खेल प्रत्येक चार वर्षों के अन्तराल में अलग-अलग देशों में आयोजित होते हैं। १९१६, १९४०, १९४४ में ये खेल अवरुद्ध हो गये थे, बाद में ये पुनः प्रारम्भ हो गये। पहले केवल पुरुष ही ओलम्पिक खेलों में भाग लेते थे। वर्ष १९०० में पेरिस ओलम्पिक में पहली बार महिलाओं को भी भाग लेने का अवसर दिया गया।
प्रथम आधुनिक ओलम्पिक खेल एथेन्स में आयोजित किये गये। इसमें दौड़, जिम्नास्टिक, साइकिल दौड़, लॉन टेनिस, निशानेबाजी, तैराकी, भारोत्तोलन, कुश्ती आदि खेलों को शामिल किया गया। अब ओलम्पिक में पूरी दुनिया के महिला और पुरुष खिलाड़ी २८ से भी अधिक प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं।
उद्घाटन समारोह में ग्रीस के एथेन्स नामक स्थान से ओलम्पिक मशाल को धावक उठाकर लाते हैं। यह मशाल खेलों की समाप्ति तक जलती रहती है। ओलम्पिक खेलों में पुरस्कार के रूप में विजेताओं को स्वर्ण, रजत तथा कांस्य पदक प्रदान किये जाते हैं।
ओलम्पिक खेलों में भारत को सबसे पहले १९२८ में हाकी में स्वर्ण पदक मिला था। हाकी में भारत को अब तक आठ स्वर्ण और तीन कांस्य पदक मिल चुके हैं। वर्ष १९५२ में के०डी० जाधव कुश्ती में तथा १९९६ में अटलांटा ओलम्पिक में लिएण्डर पेस टेनिस के खेल में कांस्य पदक विजेता हैं।
वर्ष २००० में सिडनी ओलम्पिक खेलों में कर्णम् मल्लेश्वरी ने भारोत्तोलन स्पर्द्धा में कांस्य पदक, वर्ष २००४ में मेजर राज्यवर्धन राठौर ने निशानेबाजी में रजत पदक प्राप्त किया। वर्ष २००८ में अभिनव बिन्द्रा ने निशानेबाजी में स्वर्ण, विजेंदर कुमार ने मुक्केबाजी में कांस्य एवं सुशील कुमार ने कुश्ती में कांस्य पदक प्राप्त किया। वर्ष २०१२ में हुए लंदन ओलम्पिक में हमारे देश के गगन नारंग व विजय कुमार ने निशानेबाजी में क्रमशः कांस्य एवं रजत पदक, साइना नेहवाल ने बैडमिंटन में कांस्य, मैरी कॉम ने मुक्केबाजी में कांस्य तथा योगेश्वर दत्त एवं सुशील कुमार दोनों ने कुश्ती में रजत पदक जीते। वर्ष २०१६ के रियो ओलम्पिक में भारत की पी.वी. सिंधु एवं साक्षी मलिक ने बैडमिंटन एवं कुश्ती प्रतियोगिता में क्रमशः रजत एवं कांस्य पदक जीते। हमारे देश की जनसंख्या बहुत अधिक होने के बावजूद ओलम्पिक में हम बहुत कम पदक प्राप्त कर सके हैं जबकि कई छोटे देशों ने ओलम्पिक में बड़ी संख्या में पदक जीते हैं। अब तक भारत को ओलम्पिक खेलों में कुल २६ पदक प्राप्त हुए हैं।
ओलम्पिक खेलों की भाँति ही प्रत्येक महाद्वीप में विभिन्न खेल संगठन भी क्षेत्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित करते हैं। जैसे- एशियाड, यूरोपियन खेल, अफ्रीकन खेल, राष्ट्रकुल खेल आदि। उन खेलों में उसी क्षेत्र के विभिन्न देश भाग लेते हैं। वर्तमान समय में खेल देशों के बीच श्रेष्ठता के सूचक बन गए हैं। अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाने के लिए आवश्यक है कि हम खेलों में भी उच्च स्तरीय श्रेष्ठता प्राप्त करें। यह ध्यान देने योग्य बात है कि विजेता पैदा नहीं होते, वे बनाए जाते हैं, अतः हमें भी सतत् प्रयास करना चाहिए।
शब्दार्थ : ओलंपिक = सबसे बड़ी अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता; हरकुलिस = ओलंपिक खेलों की शुरुआत करने वाला व्यक्तिः जिम्नास्टिक = एक खेल विशेष का नामः भारोत्तोलन = अधिक से अधिक भार उठाने की प्रतियोगिता वाला खेल; अवरुद्ध = बंद पड़ा, रुका हुआ; वर्चस्व = दबदबा।
अभ्यासमाला
1. संक्षेप में उत्तर दो।
1.1 सर्वप्रथम ओलम्पिक खेल कहाँ शुरू हुआ था?
उत्तर : सर्वप्रथम ओलम्पिक खेल प्राचीन यूनान के ओलंपिया में हुआ था।
1.2 सबसे पहली प्रतियोगिता कौन थी ?
उत्तर : सबसे पहली प्रतियोगिता 200 मीटर की दौड़ थी।
1.3 पहला आधुनिक ओलम्पिक खेल कहाँ आयोजित किया गया?
उत्तर : पहला आधुनिक ओलम्पिक खेल एधेस में आयोजित किया गया।
1.4 आधुनिक ओलम्पिक खेल के जन्मदाता कौन थे?
उत्तर : आधुनिक ओलम्पिक खेल के जन्मदाता फ्रांस के वैरनपियरे दि कुवर्तिन थे।
1.5 ओलम्पिक मशाल को कहाँ से उठाकर लाया जाता है?
उत्तर : ओलम्पिक मशाल को ग्रीस के एथेंस से उठाकर लाया जाता है।
1.6 ओलम्पिक की मशाल कब तक जलती रहती है?
उत्तर : ओलम्पिक की मशाल खेल के समाप्त होने तक जलती रहती है।
2. निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर अपनी भाषा में लिखो।
2.1 ओलम्पिक खेल के संस्थापक का नाम क्या था?
उत्तर : ओलम्पिक खेल के संस्थापक का नाम वैरन पियरे दि कुवर्तिन था।
2.2 शुरू-शुरू में विजेताओं को किस प्रकार पुरस्कृत किया जाता था?
उत्तर : शुरू-शुरू में विजेताओं को पुरस्कृत करने के लिए पवित्र जैतून की पत्तियों की माला का ताज पहनाया जाता था।
2.3 ओलम्पिक खेल कितने वर्ष के अन्तराल पर होते हैं?
उत्तर : ओलम्पिक खेल चार वर्ष के अंतराल पर होते है।
2.4 ओलम्पिक खेल कब-कब आयोजित नहीं हो सके ?
उत्तर : ओलम्पिक खेल 1916, 1940, 1944 में आयोजित नहीं हो सके।
2.5 ओलम्पिक खेलों में महिलाओं को भाग लेने का अवसर कब और कहाँ मिला?
उत्तर : ओलम्पिक खेलों में महिलाओं को भाग लेने का अवसर सन् 1990 में पेरिस (फ्रांस) में मिला।
2.6 ओलम्पिक खेल के प्रति लोगों की समझ क्या है?
उत्तर : लोगों का मानना है कि ओलम्पिक खेल शरीर और मस्तिष्क का विकास करने के साथ-साथ विभिन्न देशों को एक-दूसरे की भिन्नता के सूत्र में बाँधते हैं।
2.7 ओलम्पिक में शामिल खेलों का नाम लिखो।
उत्तर : ओलम्पिक में शामिल खेल-दौड़, भाला फेंक, कुश्ती, मुक्केबाजी, भारोत्तोलन, जिम्नास्टिक रथदौड़ आदि है।
2.8 ओलम्पिक में कुल कितने प्रकार की प्रतियोगिता होती है?
उत्तर : ओलम्पिक खेल में कुल 28 से अधिक प्रतियोगिताएं होती है।
3. इन शब्दों को शुद्ध उच्चारण के साथ पढ़ो और अपनी कॉपी में लिखो।
ओलम्पिक, प्रतियोगिता, संस्थापक, भारोत्तोलन, अवरुद्ध, वर्चस्व, जिम्नास्टिक
4. सही कथन के सामने सही (✔) का चिह्न लगाओ।
4.1 खेल हमारे शरीर और मन के विकास में बाधक है। [x]
4.2 ग्रीस के ओलम्पिया से प्राचीन ओलम्पिक खेल की शुरूआत हुई। [√]
4.3 खेल प्रतियोगिताओं में आपस में मित्रता बढ़ती है। [√]
4.4 खेल में हार होने से मन में बैर का भाव लाना चाहिए। [x]
4.5 1928 ई. में हॉकी के खेल में भारत को ओलम्पिक का पहला स्वर्ण पदक मिला। [✓]
5. वाक्य बनाओः मित्रता, पदक, पुरस्कार, विकास, प्रतियोगिता, वृक्ष।
मित्रता : हमें अपने समकक्ष लोगों से मित्रता करनी चाहिए।
पदक : ओलम्पिक खेलों में पदक जीतने के लिए लगातार अभ्यास करने की जरूरत है।
पुरस्कार : रवीन्द्रनाथ टैगोर को गीतांजलि की रचना के लिए नोबल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
विकास : किसानों के विकास में ही देश का विकास निहित है।
प्रतियोगिता : मेरा मित्र ओलम्पिक खेल की 100 मीटर की दौड़ प्रतियोगिता के लिए चुना गया है।
वृक्ष : वृक्ष हमारा बहुत बड़ा उपकार करते हैं।
6. उदाहरण के अनुसार तीन-तीन वाक्य बनाओ।
6.1 जिनमें 'जय' तथा 'तब' का प्रयोग हुआ हो उदाहरण जब तुम आओगे तब मैं चलूँगा।
उत्तर : (i) जब गणतंत्र दिवस की परेड शुरू हुई तब राष्ट्रपति ने सलामी ली।
(ii) जब वह घर आया तब मैं उससे मिलने गया।
(iii) जब मन लगाकर पढ़ोगे तब अवश्य पास होगे।
6.2 जिनमें 'यदि' तथा 'तो' शब्द का प्रयोग हुआ हो -
उदाहरण - 'यदि आँधी नहीं आयी होती तो मैं समय पर पहुँच जाता।'
उत्तर : (i) यदि तुम मन लगाकर नहीं पढ़ोगे तो पास नहीं होगे।
(ii) यदि परिश्रम करोगे तो सफलता अवश्य मिलेगी।
(iii) यदि मन लगाकर पढ़ोगे नहीं तो फेल हो जाओगे।
6.3 जिनमें 'परन्तु' शब्द का प्रयोग हुआ हो
उदाहरण - 'शिक्षक ने बहुत समझाया परन्तु कमला नहीं मानी।
उत्तर : • भारत ने बहुत समझाया परन्तु पाकिस्तान नहीं माना।
(ii) भाई घर से आया परन्तु हमारे लिए खाना नहीं लाया।
(iii) वह मैदान समय से गया परन्तु दौड़ा नहीं।
7. पाठ में एक शब्द आया है 'विभिन्त्र'। भिन्न शब्द के पहले 'वि' उपसर्ग को जोड़कर बना है-विभिन्न। इसी प्रकार नीचे दिए गए शब्दों को जोड़ते हुए नए शब्द बनाओ।
उत्तर :
वि + कार = विकार
वि+ जय = विजय
वि+ देश = विदेश
बे + कार = बेकार
गैर + कानूनी = गैर कानूनी
गैर + हाजिर = गैर हाजिर
चौ + पाया = चौपाया
चौ + मास = चौमास
अन + पढ़ = अनपढ़
बे + शर्म = बेशर्म
बद + नाम = बदनाम
कम + जोर = कमजोर
कम + उम्र = कमउम्र
बद + बू = बदबू
गैर + जिम्मेदार = गैर जिम्मेदार
8. वर्षों के साथ घटनाओं की सही जोड़ी बनाओ। (रेखा खींचकर)
खेल अवरुद्ध का वर्ष ----------------- 1944
महिलाओं को भाग लेने का अवसर। ---- 1900
भारत को हॉकी में पहला स्वर्ण पदक। -- 1928
9. अपने प्रिय खेल के विषय में दस वाक्य लिखो।
उत्तर : सब अलग-अलग खेल पसंद करते हैं। मेरा प्रिय खेल फुटबाल है। आज सभी लोग क्रिकेट के पीछे पागल हैं, पर मुझे तो सबसे अच्छा फुटबाल ही लगता है। इसमें सबसे बड़ी बात यह है कि यह कम खर्च का खेल है। इसमें प्रत्येक खिलाडी को खूब दौडना पड़ता है। इससे शरीर पूरी तरह से थक जाता है। सबसे अधिक मजा तो तब आता है जब चोड़ी वर्षा हो जाती है। वर्षा होने पर बाल के पीछे दौड़ना, बाल को मारना और फिसल करके गिरना, बड़ा आनन्ददायक लगता है। शरीर मिट्टी और पानी से भर जाता है। फुटबाल खेलने में मैदान के अतिरिक्त और कोई वस्तु नहीं होती है, तब भी काम चल जाता है। विवेकानन्द ने भी बच्चों को फुटबाल खेलने के लिए प्रोत्साहित किया था।
10. कुछ करो।
अपने स्कूल अथवा गाँव या शहर में हुई खेल प्रतियोगिता का विवरण लिखो। किस खेल में कौन विजयी रहा? तालिका बनाकर लिखो।
उत्तर :
11. अकेले खेले जाने वाले एवं समूह में खेले जाने वाले खेलों की एक तालिका बनाओ।
उत्तर : अकेले खेले जाने वाले खेल - दौड़, प्राणायाम, आसन।
समूह मे खेले जाने वाले खेल - हॉकी, फुटबाल, क्रिकेट, कबड्डी।
👉कक्षा 5 हिन्दी पाठबहार (NOTES) पश्चिम बंगाल बोर्ड
👉Daily Use 100000+ English and Hindi Sentences





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें